मेनोनाइट इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल धमतरी में विद्यार्थियों को दिया राष्ट्रप्रेम और संस्कारों का प्रेरणादायी संदेश
धमतरी @ विश्वनाथ गुप्ता। मेनोनाइट इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, धमतरी में “अखंड भारत” विषय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में समाजसेवी एवं युवा प्रेरक श्री दीपक सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अखंड भारत की अवधारणा, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और युवा पीढ़ी की भूमिका पर प्रभावशाली विचार रखते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया।
श्री ठाकुर ने कहा कि भारत की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं से नहीं, बल्कि उसकी हजारों वर्षों पुरानी संस्कृति, परंपरा, ज्ञान और आध्यात्मिक विरासत से है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि “आज के विद्यार्थी ही कल के भारत का भविष्य हैं। यदि युवा जागरूक, संस्कारी और राष्ट्र के प्रति समर्पित होंगे, तो भारत को विश्व में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता।”
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री स्टीवलाल, अनुपमा सिंह मैडम, क्रिश्टी सर सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और श्री ठाकुर के प्रेरणादायी उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर श्री दीपक सिंह ठाकुर के साथ चित्रेश साहू, अभिषेक साहू एवं चैतन्य कुम्हारे भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव, सामाजिक चेतना एवं देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना रहा। श्री ठाकुर के उद्बोधन से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।









