धमतरी के युवाओं ने रचा इतिहास, Google India Student Ambassador Program और Manoj Dey Internship में हुआ चयन

धमतरी। धमतरी जिले के लिए आज का दिन गर्व, प्रेरणा और ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक बन गया। जिले के प्रतिभाशाली छात्र दिगंत राठी और हिमांशु जैन का चयन प्रतिष्ठित “Google India Student Ambassador Program” में हुआ है। वहीं यश राजक और योगिता का चयन देश के प्रसिद्ध यूट्यूबर एवं डिजिटल क्रिएटर मनोज डे की Internship Program के लिए हुआ है।
इन उपलब्धियों पर आज कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बीते दिन कलेक्टोरेट सभाकक्ष में इन युवाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले के लिए यह बेहद गर्व और प्रेरणा का क्षण है। बिना किसी बड़े टेक्निकल कॉलेज या राष्ट्रीय संस्थान के भी जिले के युवाओं ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जिसे अक्सर IIT और NIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र प्राप्त करते हैं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि इन युवाओं की सफलता यह साबित करती है कि बड़े संसाधनों से अधिक जरूरी बड़े सपने, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास होते हैं। धमतरी के इन होनहार युवाओं ने पूरे जिले का मान बढ़ाते हुए नई पीढ़ी को यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संस्थान की मोहताज नहीं होती।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में डिजिटल मीडिया, कंटेंट क्रिएशन और नई तकनीकों के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। इन छात्रों का चयन इस दिशा में जिले के युवाओं की बढ़ती भागीदारी और क्षमता को दर्शाता है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी युवाओं को लगातार सीखते रहने और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की समझाइश दी।
इस दौरान छात्र दिगंत राठी, हिमांशु जैन, यश राजक और योगिता ने अपने अनुभव साझा करते हुए चयन प्रक्रिया, भविष्य की योजनाओं तथा वर्तमान में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निरंतर अभ्यास, नई तकनीकों को सीखने की इच्छा और सकारात्मक सोच ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
जिलेभर में इन उपलब्धियों को लेकर उत्साह का माहौल है। शिक्षा, तकनीक और डिजिटल क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे धमतरी के युवाओं के लिए नई शुरुआत और प्रेरणा का प्रतीक बताया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail