धमतरी। ग्राम कण्डेल में युवक की गला रेतकर हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। अर्जुनी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
थाना अर्जुनी क्षेत्रांतर्गत ग्राम कण्डेल में 6 सितंबर की रात्रि करीब 09:00 बजे मामूली रंजिश एवं पूर्व विवाद के चलते आरोपी यावेन्द्र कुमार ध्रुव ने पारसमणी साहू पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर चोट लगने के कारण पारसमणी साहू की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। प्रार्थी भारत राम साहू, मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम कण्डेल निवासी यावेन्द्र कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पारसमणी साहू की हत्या करना स्वीकार किया, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू एवं घटना में प्रयुक्त सामान भी जप्त किया है।आरोपी को थाना अर्जुनी द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।









