मोबाइल में नेटवर्क नहीं आने से नाराज महिला ने किया कीटनाशक का सेवन, इलाज के दौरान मौत

कोरबा।   जिले के करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में मोबाइल पर रील देखते समय नेटवर्क चले जाने से नाराज एक महिला ने  कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलो बाई घर में खाना खा रही थी,  इस दौरान वह मोबाइल पर रील देख रही थी। अचानक मोबाइल का नेटवर्क बंद हो गया।   नेटवर्क चले जाने से गुस्से में मोबाइल को जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया। इसके बाद महिला ने आवेश में आकर घर में रखा कीटनाशक पी लिया। कुछ देर बाद जब परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई तो घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे बचाने के प्रयास में जुट गए और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की। परिजनों के अनुसार, गांव में चली आ रही पुरानी मान्यता के चलते उन्होंने महिला को उल्टी कराने के लिए गोबर-पानी पिलाया। पति प्रेमलाल ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि इससे जहर का असर कम हो जाएगा। हालांकि, महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और उसे तत्काल संजीवनी वाहन की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद मंगलो बाई को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को मेमो भेजा गया। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर मामले में कार्रवाई दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मोबाइल में नेटवर्क नहीं आने से नाराज होकर महिला ने कीटनाशक का सेवन किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment