उच्च शिक्षा विभाग द्वारा नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। पूर्व में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी। कई विद्यार्थियों के आवेदन लंबित रहने और महाविद्यालयों में सीटें रिक्त होने को देखते हुए प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं और छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी मेधावी अथवा इच्छुक विद्यार्थी का साल खराब न हो, इसी उद्देश्य से प्रवेश की तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से उन विद्यार्थियों को दोबारा अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में दाखिला नहीं ले पाए।
विद्यार्थियों से जल्द प्रवेश लेने की अपील
मंत्री ने ऐसे छात्र-छात्राओं से जल्द से जल्द प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, जिन्होंने अभी तक कॉलेज में दाखिला नहीं लिया है। विद्यार्थियों को संबंधित महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों और निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी लेकर समय-सीमा के भीतर आवेदन एवं प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
रिक्त सीटों के आधार पर 19 सितंबर तक होंगे प्रवेश
जारी निर्देश के अनुसार उच्च शिक्षा संचालनालय को सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर 19 सितंबर 2026 तक पारदर्शी प्रक्रिया से प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।









