चाकूबाजी की दो वारदात में दो युवकों की मौत, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर।  राजधानी  के डीडी नगर इलाके में 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। एक घटना में युवक गंभीर रूप से घायल है, जबकि दूसरी घटना में घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने एक मामले में दो अपचारी बालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 पुलिस के मुताबिक, निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान महादेव घाट रोड पर गणेश मंदिर के पास स्कूटी सवार चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) ने उसे रोक लिया। आरोप है कि टीकेंद्र ने बिना किसी बातचीत के कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कैलाश घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, बचाव में कैलाश ने टीकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से उस पर वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल टीकेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घायल कैलाश को उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना 23 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे चंगोराभाठा के श्रीराम नगर में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और उपलब्ध साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो अपचारी बालक भी शामिल हैं। वहीं, पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment