रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के विरुद्ध सोशल मीडिया पर कथित रूप से अमर्यादित एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर रायपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट, पोस्ट और टिप्पणी करने वाले व्यक्ति की पहचान सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रवादी विचारक वीरेंद्र दुबे ने इस मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंस्टाग्राम पर सागर निर्मलकर नाम से संचालित एक आईडी से वीडियो पोस्ट किया गया था। इसी वीडियो पर @quail.3131469 नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से कथित तौर पर अश्लील गालियों और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए टिप्पणी की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि टिप्पणी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा को निशाना बनाया गया। सार्वजनिक पदों पर आसीन जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह की भाषा के प्रयोग को लेकर आपत्ति दर्ज कराते हुए पुलिस से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने उपलब्ध जानकारी और सोशल मीडिया सामग्री का प्रारंभिक परीक्षण किया। इसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 353(2) और 356 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।









