रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 48 घंटों में और मजबूत होकर उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कई स्थानों पर गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 30 अगस्त को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान अंबिकापुर में 28.9 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मैनपाट में बाइक समेत नदी में बहे युवक-युवती
सरगुजा के पर्यटन स्थल मैनपाट में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां घूमने आए एक युवक और युवती बाइक सहित घुनघुट्टा नदी में बह गए। आवाज सुनकर पहुंचे एक स्थानीय व्यक्ति ने बहादुरी दिखाते हुए करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को रस्सी फेंककर सुरक्षित निकाल लिया। वहीं, तेज बहाव में बहे युवक की तलाश जारी है।
कोरबा में सड़क पर बहकर आया मलबा, बस-कार फंसी
कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर आ गया, जिससे सड़क कीचड़ और मिट्टी से पट गई। इस मलबे में एक यात्री बस और कार फंस गए।










