झीरम घाटी हमला : NIA कोर्ट का बड़ा फैसला, 10 आरोपी दोषी करार

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमला मामले में करीब 13 साल बाद बड़ा फैसला आया है। जगदलपुर स्थित NIA की विशेष अदालत ने 5 सितंबर  को मामले में सुनवाई का सामना कर रहे सभी 10 आरोपियों को दोषी करार दिया। इस प्रकरण में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ सुनवाई चली थी, लेकिन सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मौत हो चुकी है। शेष सभी 10 आरोपियों पर अदालत ने दोष सिद्ध किया है।

NIA की विशेष अदालत के इस फैसले पर लंबे समय से नजर बनी हुई थी। मामले में अभियोजन की ओर से बड़ी संख्या में गवाह और दस्तावेजी साक्ष्य अदालत के सामने रखे गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, अभियोजन पक्ष ने 101 गवाहों के बयान और दस्तावेज पेश किए। लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद अदालत ने दसों आरोपियों को दोषी माना।

झीरम घाटी हमला 25 मई 2013 को हुआ था। इस हमले में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की जान चली गई थी। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान नक्सलियों ने काफिले को निशाना बनाया था। हमले में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल सहित कई प्रमुख नेता मारे गए थे। कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा भी हमले में मारे गए थे।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment