धमतरी। धमतरी शहर के लालबगीचा वार्ड में शनिवार की देर रात एक मकान में रेफ्रिजरेटर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला और उनकी बेटी की जान बाल-बाल बच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड (दमकल) की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार देर रात अचानक फ्रिज में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद घर में भयंकर आग लग गई और देखते ही देखते लपटें पूरे घर में फैल गईं। हादसे के समय घर में एक बुजुर्ग महिला और उनकी बेटी मौजूद थीं। गनीमत रही कि समय रहते दोनों सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहीं। इस हादसे में घर के भीतर रखा राशन, कपड़े और अन्य जरूरी घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।









