नशीली टेबलेट की बिक्री करते चार आरोपी को पुलिस ने पकड़ा, 1.20 लाख रुपये कीमत

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की बिक्री करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 183 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और वारदात में इस्तेमाल की गई दोपहिया वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना उरला पुलिस की संयुक्त टीम ने किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस को 16 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि थाना उरला क्षेत्र के ग्राम अछोली स्थित हीरा गार्डन के पास कुछ लोग दोपहिया वाहन से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर पहुंचे हैं और बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना उरला पुलिस की संयुक्त टीम मौके के लिए रवाना हुई।

पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध युवकों और वाहन की पहचान की। इसके बाद घेराबंदी कर चारों युवकों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम युवराज ध्रुव, सौरभ यादव, आकाशदीप और नीरज देवांगन बताया। सभी आरोपी रायपुर जिले के रहने वाले हैं। तलाशी में मिली नशीली टेबलेट पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजेपाम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों से टेबलेट रखने और बिक्री करने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment