श्रमिकों के ई-केवाईसी एवं पंजीयन संशोधन के लिए विशेष अभियान, आधार अनुरूप जानकारी अपडेट कराने 15 दिवस में आवेदन करने की अपील

धमतरी। श्रमायुक्त, छत्तीसगढ़ शासन, श्रम विभाग के निर्देशानुसार जिले में छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी तथा पंजीयन संबंधी जानकारी को आधार कार्ड के अनुरूप अद्यतन करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रमिकों का डाटा बेस अद्यतन एवं व्यवस्थित करते हुए उन्हें श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सुगमता से लाभ दिलाना है।

जिले में दोनों मंडलों के अंतर्गत लगभग 1 लाख 15 हजार श्रमिक पंजीकृत हैं। इनमें से लगभग 7,900 श्रमिकों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है। शेष लगभग 1 लाख 7 हजार 100 श्रमिकों का ई-केवाईसी एवं आवश्यक पंजीयन संशोधन किया जाना है।

कलेक्टर  अविनाश मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर तथा अधिकृत सीएससी केंद्रों के माध्यम से श्रमिकों के पंजीयन में आवश्यक संशोधन एवं दस्तावेज अपलोड की कार्रवाई प्राथमिकता से पूर्ण कराई जाए। इस संबंध में जनपद पंचायतवार एवं नगरीय निकायवार नोडल अधिकारियों को आवश्यक डाटा उपलब्ध कराया जा चुका है।

श्रमिकों द्वारा सीएससी केंद्र पर पंजीयन संशोधन एवं दस्तावेज अपलोड कराने की स्थिति में 20 रुपये प्रति आवेदन की दर से शुल्क का भुगतान संबंधित सीएससी केंद्र पर स्वयं श्रमिक द्वारा किया जाएगा।

अभियान के तहत श्रमिकों से अपील की गई है कि वे आधार कार्ड, श्रम कार्ड, बैंक पासबुक एवं मोबाइल नंबर साथ लेकर निकटतम अधिकृत सीएससी केंद्र में जाकर ई-केवाईसी एवं पंजीयन संबंधी जानकारी का आवश्यक संशोधन शीघ्र कराएं।

कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों, सचिवों, रोजगार सहायकों एवं कोटवारों के माध्यम से मुनादी तथा श्रमिकों से व्यक्तिगत संपर्क कर 15 दिवस के भीतर लक्ष्य के अनुरूप आवेदन पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह प्रगति संबंधी पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इससे श्रमिकों का डाटा अद्यतन होने के साथ उन्हें शासन की विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment