1.60 लाख चोरी, बेटे की मौत का मुआवजा लेने आई थी रायपुर

रायपुर। कबीरधाम जिले से बेटे की दुर्घटना में मौत की मुआवजा राशि लेने रायपुर आई महिला के पर्स से 1.60 लाख रुपए चोरी हो गए।  महिला की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक कबीरधाम जिले के ग्राम महाराजपुर निवासी ममता तिवारी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उनके बेटे की दुर्घटना में मौत हुई थी। इसी मामले की मुआवजा राशि लेने के लिए वह 10 सितंबर को पति खेदन तिवारी के साथ रायपुर न्यायालय आई थीं। कोर्ट का काम पूरा होने के बाद उन्होंने न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 1.60 लाख रुपए नकद निकाले।
बैंक से रकम निकालने के बाद शाम करीब 4 बजे ममता अपने पति के साथ मल्टीलेवल पार्किंग स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के पास पहुंचीं। यहां से दोनों ई-रिक्शा में बैठकर फाफाडीह चौक गए। इसके बाद फाफाडीह से दूसरे ऑटो में सवार होकर भनपुरी चौक पहुंचे। भनपुरी पहुंचने के बाद ममता ने अपना पर्स चेक किया तो उसमें रखे 1.60 लाख रुपए गायब थे। उन्होंने तत्काल पति और अधिवक्ता निरंजन साहू को इसकी जानकारी दी।
पुलिस अब न्यायालय परिसर स्थित बैंक से लेकर फाफाडीह और भनपुरी तक के रास्ते के CCTV फुटेज खंगाल रही है। दोनों ऑटो के ड्राइवरों से भी पूछताछ की जाएगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment