बस्तर। जिले में पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बस्तर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद महिंद्रा पिकअप वाहन (UP-52-T-2094) में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर ओडिशा से धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम धनपुंजी के पास स्थित फॉरेस्ट नाका पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की।
कुछ समय बाद संदिग्ध सफेद पिकअप वाहन वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। वाहन रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम विजय पांडेय बताया, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के राजेंद्र नगर क्षेत्र का निवासी है। वहीं फरार आरोपी का नाम सोनू यादव बताया गया है। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें डाले गए 9 प्लास्टिक बोरियों में कुल 105 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जब तौल की गई तो कुल मात्रा 214.300 किलोग्राम निकली। पुलिस ने मौके से गांजे के साथ महिंद्रा पिकअप वाहन, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20 (बी) ii (सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है









