धमतरी। हत्या की नीयत से हथौड़ी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।आरोपी से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी बरामद किया गया । आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया ।
जानकारी के अनुसार 04 जुलाई को शाम लगभग 5:15 बजे ग्राम हसदा नंबर-1 स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने टीन शेड के नीचे रोड़ किनारे चंद्रहास साहू अन्य ग्रामीणों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी देवलाल निषाद वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा अपने पास रखी लोहे की हथौड़ी से हत्या की नीयत से लगातार प्राणघातक हमला कर दिया।
हमले के दौरान पीड़ित द्वारा स्वयं का बचाव करने के प्रयास से वार सिर के बजाय दाहिने जबड़े एवं दाहिने हाथ की कोहनी पर लगा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई। घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया तथा बाद में बेहतर उपचार के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
विवेचना के दौरान आरोपी के कथन के आधार पर उसके द्वारा छिपाकर रखी गई घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की हथौड़ी बरामद की गई।
आरोपी देवलाल निषाद के विरुद्ध चौकी करेली बड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्र.114/26 धारा 296,109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।









