डाही में आपसी विवाद में साथी युवक की हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद में साथी युवक की हत्या का पुलिस ने आज खुलासा किया। हत्या के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 2 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने हत्या के वारदात में प्रयुक्त सामाग्री को भी बरामद कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि डाही बगदेही मार्ग के बीच शीतला मंदिर के आगे मोबाइल टावर के पास 29 जून की रात्रि शराब सेवन के दौरान हुए हुलास मंडावी एवं आरोपी रोशन ध्रुव,मुकेश यादव,अमन नेताम, रविशंकर पटेल,चंद्रशेखर पटेल एवं सागर मरकाम के बीच कहासुनी और गाली- गलौज हुई। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी रोशन ध्रुव एवं मुकेश यादव ने आवेश में आकर सड़क किनारे रखे लकड़ी के मोटे लट्ठे से हुलास मंडावी के सिर पर लगातार प्राणघातक वार कर दिया । इसके बाद एक अन्य आरोपी ने पास में पड़े बोल्डर पत्थर से हुलास के चेहरे एवं सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई । घटना के समय अन्य आरोपी भी मौके पर उपस्थित थे।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना कुरूद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव पंचनामा एवं अन्य प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सक द्वारा जारी शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक प्रकृति का होना उल्लेखित किए जाने के आधार पर थाना कुरूद में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। कुरुद पुलिस एवं सायबर पुलिस की टीम ने सघन जांच, संदिग्धों से पूछताछ, मुखबिर सूचना,तकनीकी विश्लेषण एवं साक्ष्यों के आधार पर मामले का सफल खुलासा किया। रातभर चली लगातार कार्यवाही एवं पुलिस टीम की कड़ी मशक्कत के बाद घटना में शामिल सभी 08 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें 06 वयस्क आरोपी एवं 02 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा एवं बोल्डर पत्थर भी बरामद कर विधिवत जब्त किया है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 197/2026, धारा 103(1), 296(बी), 191(2), 191(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना पूर्ण की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों रोशन ध्रुव, मुकेश यादव, अमन नेताम, रवि शंकर पटेल, चंद्रशेखर पटेल, सागर मरकाम को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उन्हें नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment