आस्था की रेल से अयोध्या धाम रवाना हुए 850 श्रद्धालु, रामलला के साथ काशी विश्वनाथ के भी करेंगे दर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की धरती से प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम तक आस्था और श्रद्धा का एक और कारवां आज रवाना हुआ। छत्तीसगढ़ शासन की श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत रायपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। स्टेशन परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल, भक्ति गीतों और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रामलला के दर्शन की उमंग से श्रद्धालुओं के चेहरे खिले हुए थे और पूरा स्टेशन आस्था के उत्सव में बदल गया।

विशेष ट्रेन को कृषि मंत्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री  टंकराम वर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष  नीलू शर्मा, खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष  संजय श्रीवास्तव, अभनपुर विधायक  इंद्र कुमार साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरेंद्र मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों ने सभी श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनकी मंगलमय, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की कामना की। पर्यटन विभाग के प्रबंध संचालक  विवेक आचार्य,  सौमिल रंजन चौबे, रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  कुमार विश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

50 हजार से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं रामलला के दर्शन
श्री रामलला दर्शन योजना मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और जनभावनाओं को सम्मान देने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में आगे बढ़ रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का अयोध्या धाम जाकर रामलला के दर्शन करना इस योजना की व्यापक स्वीकार्यता और जनआस्था से इसके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन की यह पहल इस भावना को साकार करती है कि प्रदेश के हर पात्र श्रद्धालु को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर सहज, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से मिल सके। छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से विशेष भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंध है। वनवास काल की स्मृतियों से जुड़ी छत्तीसगढ़ की धरती से अयोध्या धाम तक श्रद्धालुओं का यह सफर धार्मिक आस्था के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी जोड़ रहा है।

रामलला के साथ काशी विश्वनाथ के दर्शन का भी मिलेगा सौभाग्य
इस यात्रा को और अधिक आध्यात्मिक एवं तीर्थमय बनाने के लिए श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन के साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का भी अवसर मिलेगा। इस प्रकार श्रद्धालु एक ही यात्रा में प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और भगवान शिव की पावन नगरी काशी से जुड़ सकेंगे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment