नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली में सूचना और प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) में स्वतंत्र वित्तीय सलाहकार के तौर पर कार्यरत लेखा उप-नियंत्रक को रिश्वतखोरी से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई ने मंगलवार को आरोपी के खिलाफ एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) में स्वतंत्र वित्तीय सलाहकार (आईएफए) के तौर पर कार्यरत लेखा उप-नियंत्रक ने फाइल को तेजी से प्रोसेस करने के लिए शिकायतकर्ता से 15 लाख रुपए की अनुचित मांग की थी।
सीबीआई के अनुसार, एक प्राइवेट कंपनी के कॉन्ट्रैक्ट के रिन्यूअल करने से जुड़ी फाइल आरोपी अधिकारी के पास थी। बातचीत के बाद आरोपी अधिकारी उस फाइल को जल्दी आगे बढ़ाने के लिए शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपए की रिश्वत लेने के लिए सहमत हो गया। इसी बीच, व्यक्ति ने सीबीआई में शिकायत की। एजेंसी ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी अधिकारी की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। इसके बाद सीबीआई ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय के लेखा उप-नियंत्रक को अपनी पत्नी के जरिए 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। सीबीआई ने कहा कि फिलहाल आगे की जांच चल रही है।









