जशपुर। जिले में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर कोयला लदे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के पिछले बंपर में फंस गई और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा जशपुर नगर के गिरांग मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर हुआ। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गम्हरिया गांव निवासी संजय राम रौतिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय होटल से खाना लेकर अपनी बाइक से जकबा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक जशपुर से झारखंड की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे में बाइक ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। ट्रक के बंपर में फंसी बाइक प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बाइक कुछ दूरी तक ट्रक के साथ घिसटती चली गई। इससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक ट्रक के बंपर में फंस गई थी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।










