प्रदीप साहू @ नगरी। नगरी विकासखंड के अंतिम छोर ग्राम पंचायत ठेन्ही तुमड़ीबहार क्षेत्र में गुरुवार सुबह अर्जुनी जंगल के पास भालुओं के हमले से दो ग्रामीण घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार दिनेश नेगी पिता आत्माराम नेगी और मदन नेताम/पुना राम नेताम सुबह करीब 7 बजे अर्जुनी जंगल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान चार भालुओं का सामना ग्रामीणों से हो गया।
बताया गया कि भालुओं ने दिनेश नेगी पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर के पास चोटें आई हैं। वहीं मदन नेताम के हाथ के पास एक भालू ने नाखून मार दिया, जिससे उन्हें भी चोट लगी है।
घटना के बाद डीके यादव, भानु राम नेताम और टिकेश नेताम ने तत्काल वन विभाग से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद घायल ग्रामीणों को वाहन की सहायता से उपचार के लिए नगरी अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग द्वारा मामले की जानकारी ली जा रही है।
जंगल क्षेत्र में एक साथ चार भालुओं की मौजूदगी और ग्रामीणों पर हमले की घटना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा लोगों को सतर्क रहने के लिए आवश्यक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की










