धमतरी में ‘शयन मुद्रा’ में विराजे विघ्नहर्ता, दर्शन को उमड़ रही भीड़

धमतरी।  धमतरी के रायपुर रोड स्थित लालबगीचा मोड़ पर इस बार बप्पा बैठे या खड़े नहीं, बल्कि करीब 20 फीट लंबी भव्य ‘शयन मुद्रा’ (लेटे हुए स्वरूप) में नजर आ रहे हैं. बप्पा का यह अलौकिक और दुर्लभ अंदाज इन दिनों पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे निहारने और कैमरे में कैद करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है.

धमतरी के इस पंडाल में प्रवेश करने पर चारों तरफ राम का नाम और फिर थोड़ा आगे जाते ही नजर सीधे 20 फीट लंबे गणेशजी पर जाकर ठहर जाती है. भगवान गणेश लेटे हुए हैं और उनका पूरा स्वरूप हनुमानजी के उस चर्चित लेटे हुए स्वरूप की याद दिलाता है, जिसे लेकर पिछले कुछ समय में वीडियो और तस्वीरें काफी चर्चा में रही थीं.

विघ्नहर्ता साम्राज्य गणेशोत्सव समिति के सदस्यों के मुताबिक, पिछले वर्षों में जब प्रयागराज में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा और बाढ़ की स्थिति बनी थी, तब वहां लेटे हुए हनुमानजी की प्रतिमा का दृश्य सामने आया था. पानी बढ़ने के बावजूद प्रतिमा अपनी जगह पर मौजूद रही. इस दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.

इसी दृश्य से प्रेरणा लेते हुए समिति ने इस बार धमतरी में भगवान गणेश को कुछ इसी अंदाज में विराजमान कराने का फैसला किया. हालांकि यहां स्वरूप गणेशजी का है, लेकिन प्रस्तुति ऐसी है कि दूर से देखने पर लोगों को प्रयागराज के लेटे हुए हनुमानजी की याद आ जाती है.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment