धमतरी। नवरात्र पर्व के उल्लास के बीच शहर में एक बार फिर गरबा की रंगीन शामें सजने जा रही हैं। ‘नवरंग गरबा’ का आयोजन 11 से 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 8 बजे से शांति वाटिका, सिहावा रोड में किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार आठ दिनों तक अलग-अलग थीम के माध्यम से गुजरात के गरबा के साथ छत्तीसगढ़ सहित देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। नवरंग गरबा की शुरुआत वर्ष 2021 में कोरोना काल के बाद हुई थी। आयोजकों के अनुसार उस समय लोगों को घरों से बाहर लाने, आपस में जोड़ने और सकारात्मक एवं उत्सवपूर्ण माहौल तैयार करने के उद्देश्य से इसकी शुरुआत की गई थी। धीरे-धीरे यह आयोजन शहरवासियों के लिए नवरात्रि का प्रमुख आकर्षण बन गया। रितुराज पवार ने कहा कि नवरंग की कोशिश केवल गरबा आयोजन करने की नहीं, बल्कि लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने की है।








