कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया स्टॉलों का निरीक्षण, दिव्यांगजनों से चर्चा कर सुविधाओं और लाभ की ली जानकारी
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से स्थानीय इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय ‘निदान शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में पहुंचने वाले दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पंजीयन से लेकर स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जाए, ताकि हितग्राहियों को शिविर का अधिकतम लाभ मिल सके। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं, पंजीयन प्रक्रिया और हितग्राहियों को दी जा रही सहायता की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिविर से मिल रहे लाभों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा, भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के श्री व्यास, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक डॉ. मनीष पांडे, शिक्षा विभाग के सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।









