आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को कराया गया थाना भ्रमण

धमतरी। पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय  के निर्देशन में जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रसेवा एवं अनुशासन के आदर्शों से प्रेरित होकर दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को थाना कुरूद पुलिस द्वारा आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुरूद के कक्षा 9वीं एवं 11वीं के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष थाना भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को थाना कुरूद की कार्यप्रणाली से परिचित कराते हुए पुलिस के विभिन्न कक्षों एवं शाखाओं का भ्रमण कराया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में समझाया कि पुलिस किस प्रकार अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शिकायतों पर कार्यवाही करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्य करती है।

थाने के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कर जानी पुलिस की कार्यप्रणाली
थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को डे अधिकारी कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, रीडर कक्ष, मुंशी/मददगार कक्ष, विवेचना कक्ष एवं सीसीटीएनएस कक्ष का अवलोकन कराया गया। इस दौरान प्रत्येक कक्ष में किए जाने वाले कार्यों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों तथा थाने में संचालित दैनिक गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को बताया गया कि थाना पुलिस आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर किस प्रकार कार्रवाई करती है तथा अपराधों की विवेचना, आवश्यक दस्तावेजों के संधारण एवं विभिन्न पुलिस प्रक्रियाओं में अलग-अलग शाखाओं की क्या भूमिका होती है।

रोजनामचा, केस डायरी एवं विभिन्न रजिस्टरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को थाने में संधारित किए जाने वाले रोजनामचा, केस डायरी एवं विभिन्न रजिस्टरों के महत्व तथा उनके रखरखाव की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली में अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण एवं आवश्यक जानकारियों को सुरक्षित रखने की भूमिका समझाई गई।

विद्यार्थियों को थाने में प्रचलित 12 तख्तियों तथा थाना क्षेत्र के नक्शे के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त बीट प्रणाली की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया गया कि बीट पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्र में भ्रमण कर स्थानीय गतिविधियों पर नजर रखते हैं तथा आमजन से संपर्क स्थापित कर अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सीसीटीएनएस के माध्यम से डिजिटल पुलिसिंग से कराया परिचित
पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को सीसीटीएनएस (CCTNS) कक्ष का भ्रमण कराया गया। इस दौरान पुलिस रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, आवश्यक जानकारियों के ऑनलाइन संधारण तथा पुलिस कार्यों में तकनीक के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को समझाया गया कि आधुनिक तकनीक पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने, सूचनाओं के व्यवस्थित संधारण तथा विभिन्न पुलिस प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता एवं पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने की पहल
थाना भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सुरक्षा संबंधी जागरूकता विकसित करना रहा। इस पहल से छात्र-छात्राओं को पुलिस की जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों को करीब से समझने का अवसर मिला।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment