जनदर्शन में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं

प्रधानमंत्री आवास की किस्त, फसल क्षति मुआवजा और राशन कार्ड सहित विभिन्न मामलों पर समयबद्ध निराकरण के निर्देश

धमतरी। आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्त, खरीफ फसल क्षति का मुआवजा, राशन कार्ड में नामिनी परिवर्तन, सहकारी समिति में निर्माण कार्य तथा बिजली संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्राम चंदनबाहरा निवासी  बिसंभर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास की किस्त जारी कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम भोयना निवासी  गणेश राम ने खरीफ फसल नष्ट होने के कारण मुआवजा दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने तहसीलदार धमतरी को फसल क्षति का आकलन कर नियमानुसार प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इसी तरह, किशोरा सहकारी समिति के प्रबंधक ने समिति परिसर में चबूतरा, पहुंच मार्ग, भवन, शेड एवं शौचालय निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराते हुए आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को वीबी-जी राम जी योजना के प्रावधानों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम सालेवार निवासी  ज्ञानचंद ने राशन कार्ड में नामिनी परिवर्तन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में बिजली संबंधी समस्याओं, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, राशन कार्ड बनवाने तथा मुआवजा सहित अन्य विषयों से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ विचार किया जाए। आवेदनों की पात्रता और तथ्यों की जांच करते हुए नियमानुसार निराकरण किया जाए तथा आवेदकों को उनके प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए अधिकारी प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और प्रत्येक प्रकरण में समय-सीमा का पालन करते हुए प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment