बस स्टैंड का होगा निर्माण, हाईस्कूल खेल मैदान में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
धमतरी। नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में नगर पंचायत नगरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 2 करोड़ रुपये के दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अधोसंरचना मद से स्वीकृत इन कार्यों में नगर में बस स्टैंड का निर्माण तथा हाईस्कूल खेल मैदान में आवश्यक सुविधाओं का विकास शामिल है।
बस स्टैंड निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत
नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 12 में बस स्टैंड निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की प्राविधिक स्वीकृति दी गई है। इस कार्य से नगर में यात्री सुविधाओं को व्यवस्थित करने, आवागमन को सुगम बनाने तथा सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विकास में मदद मिलेगी। सुव्यवस्थित बस स्टैंड विकसित होने से यात्रियों को सुविधाजनक परिवेश उपलब्ध कराने और नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
हाईस्कूल खेल मैदान में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
वार्ड क्रमांक 7 स्थित हाईस्कूल खेल मैदान में विभिन्न सुविधाओं के विकास के लिए भी 1 करोड़ रुपये की प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग कक्ष, गार्ड कक्ष, शौचालय, कारपेट घास, फाइबर शेड सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इन सुविधाओं से खेल मैदान को अधिक व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों, युवा खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों में भाग लेने वाले नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यह कार्य महत्वपूर्ण होगा।
नगरीय अधोसंरचना के विकास पर राज्य शासन का जोर
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में नगरीय निकायों में आधारभूत संरचनाओं के विकास और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत नगरी के लिए स्वीकृत ये कार्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार में सहायक होंगे।
गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
जारी आदेश में विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने, नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने तथा पारदर्शी निविदा प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने और स्वीकृत राशि का उपयोग केवल अनुमोदित कार्यों पर करने की शर्त भी रखी गई है। इसके साथ ही कार्य प्रारंभ होने से पूर्व तथा पूर्णता के पश्चात जियो-टैग्ड फोटोग्राफ संधारित करने और आगामी किस्त के लिए निर्धारित प्रारूप में उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का प्रावधान किया गया है।
नगर पंचायत नगरी में इन दोनों विकास कार्यों के पूर्ण होने से सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं और खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। इससे नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नगरीय विकास को अधिक व्यवस्थित स्वरूप देने में सहायता मिलेगी।







