Dhamtari: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बालिकाओं ने जाना नगर निगम का कामकाज

महापौर रामू रोहरा ने बालिकाओं को नगर निगम की कार्यप्रणाली, महापौर के दायित्वों और शहर के विकास में नागरिकों की भूमिका से कराया अवगत

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत ‘बिटिया वर्क अभियान’ के तहत बालिकाओं को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से नगर निगम सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था को नजदीक से समझने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने और भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

महापौर ने समझाई नगर निगम की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियां

भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने नगर निगम के महापौर रामू रोहरा से सौजन्य भेंट की। महापौर श्री रोहरा ने बालिकाओं को नगर निगम की कार्यप्रणाली, शहरी विकास की योजनाओं तथा महापौर के दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुविधाजनक एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं रखरखाव, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का सुचारु संचालन नगरीय प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।

उन्होंने बालिकाओं को यह भी समझाया कि शहर का विकास केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है। स्वच्छता बनाए रखना, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करना, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहना तथा अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना जिम्मेदार नागरिक की पहचान है। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने, अपने विचारों को आत्मविश्वास के साथ व्यक्त करने और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से जानने का मिला अवसर

नगर निगम भ्रमण के पश्चात बालिकाओं ने उपायुक्त से भेंट कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं अधिकारियों की जिम्मेदारियों की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय तथा पोस्ट ऑफिस का भी भ्रमण किया। इन संस्थानों में बालिकाओं को शासकीय सेवाओं के संचालन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानने का अवसर मिला।

इस शैक्षणिक भ्रमण ने बालिकाओं को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक प्रशासनिक व्यवस्था को समझने का अवसर प्रदान किया। इससे उनमें लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति समझ विकसित करने, प्रश्न पूछने, निर्णय प्रक्रिया को जानने और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिली।

आत्मनिर्भर और सशक्त बेटियों के निर्माण की पहल

‘बिटिया वर्क अभियान’ का उद्देश्य बालिकाओं को केवल शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें सामाजिक, प्रशासनिक एवं नेतृत्व संबंधी अनुभवों से समृद्ध करना है, ताकि वे अपने भविष्य के प्रति सजग निर्णय ले सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक बनें। इस प्रकार के अनुभवात्मक कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, नए अवसरों के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा समान अवसरों और महिला सशक्तीकरण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह पहल ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के मूल भाव को आगे बढ़ाते हुए बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment