Dhamtari: RAWE विद्यार्थियों ने खेत में मृदा नमूना संग्रहण की विधि का किया प्रदर्शन

किसानों को मृदा परीक्षण के महत्व एवं संतुलित उर्वरक उपयोग की दी जानकारी

धमतरी। ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE) कार्यक्रम के अंतर्गत चतुर्थ वर्ष के कृषि विद्यार्थियों द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को खेत में मृदा नमूना संग्रहण (Soil Sampling) की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कृषक को मिट्टी का नमूना लेने की सही विधि समझाते हुए मृदा परीक्षण के महत्व और फसल उत्पादन में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी।

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने सर्वप्रथम खेत के विभिन्न स्थानों से खरपतवार, कंकड़ एवं फसल अवशेष हटाए। इसके बाद लगभग 0 से 15 सेंटीमीटर की गहराई से मिट्टी के नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को अच्छी तरह मिलाकर एक प्रतिनिधि नमूना तैयार किया गया। नमूने को साफ थैली में भरकर उस पर कृषक का नाम, खेत का विवरण, फसल का नाम तथा नमूना संग्रहण की तिथि अंकित की गई।

विद्यार्थियों ने बताया कि मृदा परीक्षण के माध्यम से मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों, पीएच (pH) मान तथा अन्य आवश्यक गुणों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके आधार पर फसल की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों का उचित एवं संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है। इससे अनावश्यक उर्वरक खर्च में कमी लाने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा फसल उत्पादन एवं गुणवत्ता में सुधार करने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम डॉ. नवनीत राणा (डीन) के दिशानिर्देश में, डॉ. भूमिका हत्गिया (RAWE समन्वयक) के मार्गदर्शन तथा डॉ. हरीश कुमार (विषय विशेषज्ञ) की उपस्थिति एवं तकनीकी सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि की व्यावहारिक तकनीकों का अनुभव प्राप्त हुआ तथा कृषक को वैज्ञानिक पद्धति से मृदा परीक्षण कराने और संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment