मुंगेली। जिले के दशरंगपुर में बिलासपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तीन ग्रामीणों को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों ग्रामीण की मौत हो गई। मृतकों में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा दशरंगपुर में बिलासपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर तीन ग्रामीण सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अधीन मोहले, बबलू बघेल और गंगाराम की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 112 की मदद से संबंधित कार्रवाई की। तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना के बाद जरहागांव पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।










