धमतरी। धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सिहावा एवं नगरी क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम एवं मोटरसाइकिल बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय जेएमएफसी नगरी के समक्ष रिमांड हेतु पेश कर जेल दाखिल किया गया।
थाना सिहावा में दर्ज अपराध क्रमांक 47/2026, 69/2026, 78/2026 एवं 79/2026 तथा थाना नगरी के अपराध क्रमांक 70/2026 में फरार आरोपी छोटू सोनवानी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिलने पर पुलिस टीम रवाना की गई। टीम ने रायपुर से आरोपी को हिरासत में लेकर थाना सिहावा लाया तथा गहन पूछताछ की।
पूछताछ में चोरी की विभिन्न घटनाओं का खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने 19 जून 2026 को बाजार चौक स्थित मुरारी किराना दुकान की पेटी में रखे 19,000 रुपये चोरी करना, 26 अगस्त 2026 को दानीबांधा स्थित मजार की दान पेटी चोरी करना तथा 07 अक्टूबर 2026 को बाजार चौक स्थित मस्जिद की दान पेटी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने मस्जिद की दान पेटी से निकाली गई चिल्हर राशि को सिहावा पहाड़ी में छिपाकर रखना भी बताया। इसी दौरान पाईकभांठा क्षेत्र से आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल चोरी करने की घटना भी सामने आई।उक्त घटनाओं के संबंध में प्राप्त रिपोर्ट एवं शिकायतों के आधार पर थाना सिहावा में संबंधित अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम एवं मोटरसाइकिल बरामद
आरोपी के निशानदेही पर उसके द्वारा छिपाकर रखे गए स्थान से एक नग दान पेटी एवं कुल 3,305/- रुपये नगद एवं 01 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
आरोपी को दिनांक 14 अक्टूबर को थाना सिहावा के अपराध क्रमांक 47/2026, 69/2026, 78/2026 एवं 79/2026 में विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात उसे न्यायालय जेएमएफसी नगरी के समक्ष रिमांड हेतु पेश कर जेल दाखिल किया गया।









