कलेक्ट्रेट और पुलिस कार्यालय पहुंचीं छात्राएं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली से हुईं रूबरू

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बालिकाओं को मिला करियर मार्गदर्शन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को खेल सामग्री वितरित

धमतरी। बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान नत्थूजी जगताप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी की कक्षा 12वीं की छात्राओं ने कलेक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण कर प्रशासनिक व्यवस्था, शासकीय सेवाओं और करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  जयंत नाहटा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी  महेश मरकाम के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ उन्हें भविष्य के प्रति जागरूक और लक्ष्य उन्मुख बनाना था।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। उन्हें शासकीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इससे छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था को नजदीक से समझने और विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की संभावनाओं को जानने का अवसर मिला।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को खेल सामग्री

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सामग्री का वितरण किया गया। अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन देवहारी एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रीति दुर्गम की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।

पुलिस प्रशासन की भूमिका और बालिका सुरक्षा की जानकारी

शैक्षणिक भ्रमण के अगले चरण में छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी अवलोकन किया। यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेंद्र पांडे से मुलाकात कर उन्होंने पुलिस प्रशासन की भूमिका, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा तथा महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस भ्रमण ने छात्राओं को यह समझने का अवसर दिया कि प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाएं समाज की सुरक्षा, व्यवस्था और जनकल्याण में किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में प्रेरक पहल

यह शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं के लिए केवल सरकारी कार्यालयों को देखने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने और विभिन्न करियर विकल्पों को समझने का व्यावहारिक अनुभव भी मिला। इस पहल से बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहन मिला।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को यह संदेश देना भी रहा कि शिक्षा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर वे प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाओं सहित विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकती हैं। यह पहल बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और अपने उज्ज्वल भविष्य के प्रति संकल्पित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment