कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर एसडीएम पीयूष तिवारी ने ली प्राचार्यों की बैठक, रोजगारपरक शिक्षा और कौशल विकास पर दिया जोर
धमतरी। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कैरियर मार्गदर्शन और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिले के महाविद्यालयों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी। महाविद्यालयों में व्यापमं, लोक सेवा आयोग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित करने तथा आईटीआई में रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर कुरूद जनपद पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एसडीएम पीयूष तिवारी ने संस्थानों के प्राचार्यों को वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में महाविद्यालयों एवं आईटीआई में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या, विभिन्न संकायों की स्वीकृत सीटों और प्रवेश की स्थिति की समीक्षा की गई। एसडीएम श्री तिवारी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए भी प्रोत्साहित करें। इससे युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी और वे समाज के विकास में सक्रिय योगदान दे सकेंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार पर विशेष ध्यान
बैठक में महाविद्यालयों में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आईटीआई संस्थानों को विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम तैयार करने को कहा गया, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिल सके।
कृषि महाविद्यालय को जनपद क्षेत्र के किसी उन्नत कृषि वाले गांव को गोद लेने का सुझाव दिया गया। इसके माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों की जानकारी ग्रामीण किसानों तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे किसानों को लाभ मिलने के साथ कृषि महाविद्यालय की गतिविधियों का ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ाव भी मजबूत होगा।
नवंबर में आयोजित होगा युवा फेस्ट
बैठक में नवंबर माह में प्रस्तावित युवा फेस्ट की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक, जिला शिक्षा कार्यालय धमतरी ने बताया कि युवा फेस्ट महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उसे विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। इसके अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
युवा फेस्ट का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।
बैठक में कुरूद, भखारा, सिर्री, जीजामगांव, सिलौटी और मगरलोड सहित विभिन्न क्षेत्रों के महाविद्यालयों, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज और आईटीआई के प्राचार्य उपस्थित रहे। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुरूद तथा बीआरसीसी कुरूद सहित संबंधित अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।









