धमतरी। शहर में आयोजित भव्य सांस्कृतिक आयोजन आराध्य गरबा के पंचम दिवस पर रॉयल रजवाड़ा थीम ने आकर्षण का अनूठा रंग बिखेरा। रेड कलर थीम के अनुरूप लाल रंग के आकर्षक परिधानों में सजे गरबा प्रेमियों ने पारंपरिक गरबा नृत्य कर पूरे परिसर को उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर कर दिया। आयोजन में गरबा खेलने वालों के साथ ही कार्यक्रम देखने पहुंचे लोगों की भी बड़ी संख्या देखने को मिली। आलम यह रहा कि रात्रि 10:30 बजे के बाद भी पूरा गरबा ग्राउंड खचाखच भरा रहा।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंडित राजेश शर्मा के आयोजन में प्रतिदिन गरबा प्रेमियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।. पंचम दिवस पर उमड़ी भीड़ और प्रतिभागियों के उत्साह ने आयोजन की भव्यता को एक बार फिर प्रदर्शित किया। गरबा प्रेमियों ने आयोजन समिति से गरबा खेलने के लिए उपलब्ध स्थान को और बड़ा करने का आग्रह किया, ताकि सही प्रतिभागी सुविधाजनक ढंग से गरबा नृत्य का आनंद ले सके।
आयोजन समिति के सदस्य शुभांक मिश्रा, तुषार सोनी और आदित्य पंसारी ने बताया कि गरबा के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। प्रतिदिन गरबा खेलने वाले प्रतिभागियों की संख्या में वृद्धि हो रही है , इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर उपलब्ध स्थान को और विस्तृत करने की दिशा में पहल की जाएगी।









