कुरुद। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम सिंगपुर में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में विभिन्न विकास कार्यों की शुरुवात की गई। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा के साथ अन्य अतिथियों ने फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना और लाखों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
मगरलोड जनपद के ग्राम सिंगपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र पोषित योजना के तहत 38 लाख रुपए का ऋण का वितरण किया गया। 24 लाख की अनुदान वाली इस योजन के तहत उन्नत और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, सीड ड्रिल प्रदान किया गया।
फार्म मशीनरी बैंक का शुभारंभ करते हुए जिला सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने बताया कि विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से कई योजनाएं संचालित की जा रही है। जिसके माध्यम से किसान, महिला और युवा वर्ग को स्वरोजगार से जोड़ने सहकारी बैंक के जरिए ऋण अनुदान की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। फार्म मशीनरी बैंक से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध होंगे, जिससे किसानो को आधुनिक कृषि कार्यों के लिए आवश्यक मशीनें सुलभ हो सकेंगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियो से सहकारी समितियों से जुड़कर इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को जिला पंचायत धमतरी के सभापति टीकाराम कंवर, जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने व्ही संबोधित किया। इस अवसर पर विजय यदु, रोहित मोहन साहू, नरेश सिन्हा, माधव सिंह ठाकुर, राधेलाल सिन्हा, शत्रुघ्न साहू, संतोष सोनी, लामेश्वर साहू आदि उपस्थित थे।










