धमतरी। कुरुद पुलिस ने मरौद टोल प्लाजा के पास गोवंश की अवैध तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया । पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त छह चक्का ट्रक सहित कुल ₹20 लाख का मशरूका जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक छह चक्का ट्रक में गोवंश को अवैध रूप से भरकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने ग्राम मरौद स्थित टोल प्लाजा के पास घेराबंदी एवं नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध अशोक लीलैंड छह चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन के भीतर 10 गायों को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर, बिना पर्याप्त दाना-पानी के परिवहन करते हुए पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोवंश को कत्लखाने ले जाने के उद्देश्य से परिवहन किए जाने की आशंका थी।
कुरुद पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए सभी 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया तथा ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को पकड़कर हिरासत में लिया। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों प्रदीप कुमार कश्यप, मिथलेश पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।










