धमतरी। दानीटोला शराब दुकान में छत तोड़कर चोरी करने वाले 2 आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी से चोरी की शराब एवं नगदी बरामद किया गया। दोनों आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया ।
प्रार्थी दुर्गेश सोनकर, दानीटोला स्थित शराब दुकान में मुख्य विक्रेता के पद पर कार्यरत हैं। उनके द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगली सुबह दुकान खोलने पर छत में लगी सीमेंट शीट टूटी हुई मिली तथा दुकान के अंदर रखी अलमारी खिसकी हुई थी।
जांच करने पर गल्ले में रखे लगभग 2,400 रुपये नकद तथा विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें एवं पौवा गायब मिले। रिपोर्ट पर तत्काल थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 253/2026, धारा 331(4), 305(क), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन एवं विश्लेषण किया गया। फुटेज में एक संदेही चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों संदेहियों जयेश शर्मा एवं दानेश्वर बनबेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें चोरी की घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से चोरी की गई व्हाइट रैबिट एवं सेवन हावर्स ब्रांड की शराब के पौवा तथा 1,000/- रुपये नगद (20-20 रुपये के 50 नोट) विधिवत गवाहों के समक्ष जब्त किए गए। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।








