पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये नगद बरामद, गुप्त चेंबर में छिपाए गए थे रुपए

दुर्ग। जिले में रविवार रात पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये नगद बरामद किए हैं। पैसे वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाए गए थे। पुलिस ने गाड़ी में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा में 2 रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली। सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (नंबर CG 04 QU 5996) को रोका गया। यह गाड़ी रायपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। जांच में वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई किया हुआ मिला। इसे इस तरह बंद किया गया था कि अंदर की चीजें बाहर से दिखाई न दें। बारीकी से तलाशी लेने पर पुलिस को एक सीक्रेट चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें भारी मात्रा में नगदी रखी मिली। गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपये बरामद हुए।

गाड़ी में दो व्यक्ति सवार थे। उनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। उनसे रकम के स्रोत, मालिकाना हक और इसे कहां ले जाए जा रहा था, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल उनके पास कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment