महासमुंद। ओडिशा से मध्यप्रदेश गांजा ले जा रहे दो आरोपियों को बसना थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 41 किलो 590 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने महिंद्रा कार और तीन मोबाइल भी जब्त किया है ।
मिली जानकारी के अनुसार बसना थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से एक सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 कार में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर बसना थाना और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने थाना बसना के सामने पदमपुर रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कार आते दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में रखी दो प्लास्टिक की बोरियां मिलीं। बोरियों की जांच करने पर उनमें कुल 41.590 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मध्यप्रदेश के कार सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।









