Dhamtari: 13 गौवंश बरामद, दो वाहनों में ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे थे, दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के थाना मगरलोड पुलिस को गौ-तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जा रहे कुल 13 गौवंशों को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया है।

थाना मगरलोड पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भोथा से ग्राम डोनर जाने वाले कच्चे मार्ग पर नाका के पास दो चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हालत में लावारिस खड़े हैं, जिनमें अवैध रूप से गौवंशों का परिवहन किया जा रहा है।

सूचना पर थाना मगरलोड पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।  वाहनों की जांच करने पर एक बिना नंबर प्लेट की टाटा योद्धा 1700 के डाला में 07 गौवंश तथा कुछ दूरी पर खड़ी बोलेरो मैक्स पिकअप के डाला में 06 गौवंश मिले। इस प्रकार दोनों वाहनों में कुल 13 गौवंशों को बिना चारा-पानी के अत्यंत अमानवीय एवं क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।परिवहन के दौरान दम घुटने एवं दुर्घटना के कारण एक बछड़े की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।

12 जीवित गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर गौशाला में सुरक्षित पुनर्वास

पुलिस द्वारा तत्काल पशु चिकित्सक को घटनास्थल पर बुलाकर सभी 12 जीवित गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा मृत बछड़े का विधिवत पोस्टमार्टम कराया गया। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका कुरूद के काऊ कैचर वाहन की सहायता से सभी 12 जीवित गौवंशों को गुरु गायत्री गौशाला समिति, ग्राम हाथबाय, विकासखंड एवं जिला गरियाबंद में सुरक्षित रूप से पुनर्वासित कराया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार

प्रकरण में आरटीओ कार्यालय से वाहनों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उनके मूल स्वामियों को तलब किया गया। धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर वाहन संबंधी दस्तावेज एवं किरायानामा जब्त किए गए। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दोनों वाहन चालकों मधु शंकर लहरे, अजय बंजारे  की संलिप्तता पाए जाने पर  गिरफ्तार किया गया।

थाना मगरलोड में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 195/2026 धारा 4, 6, 10 कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11 पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। दोनों आरोपियों को .न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment