रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुख्य प्रवक्ता और पार्टी के प्राथमिक सदस्य अधिवक्ता भगवानू नायक ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुख्य प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दोनों से स्वेच्छा से त्यागपत्र सौंपा है।
श्री नायक ने पार्टी की सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को संबोधित करते हुए अपना त्यागपत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री और पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय अजीत प्रमोद कुमार जोगी के साथ काम करने के अनुभव को अपने राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने जोगी परिवार, खासकर डॉ. रेणु जोगी और अमित जोगी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि सदस्यता छोड़ने के बाद भी जोगी परिवार से उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध बने रहेंगे।
त्यागपत्र में नायक ने साफ लिखा है कि निजी कारणों से पार्टी को अपेक्षित समय नहीं दे पा रहे थे। उन्होंने बिना किसी कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद के इस्तीफा दिया है।








