धमतरी…. युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, रचनात्मकता को बढ़ावा देने तथा उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग, धमतरी द्वारा 5 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सामुदायिक भवन, धमतरी में होगा। युवा उत्सव के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति, विचारों और नवाचारों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
नौ विधाओं में प्रतिभा दिखाने का अवसर
युवा उत्सव में कुल नौ विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें विकसित भारत चौलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कहानी लेखन, चित्रकला, क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज, पारंपरिक वेशभूषा तथा रॉक बैंड शामिल हैं। इन विधाओं के माध्यम से युवा अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति, सांस्कृतिक विरासत, कलात्मक कौशल, सामाजिक जागरूकता और आधुनिक तकनीक के प्रति अपनी समझ का प्रदर्शन कर सकेंगे।
लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ ही कहानी लेखन, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक जैसी विधाओं से युवाओं की वैचारिक एवं सामाजिक अभिव्यक्ति को मंच मिलेगा। वहीं, विकसित भारत चौलेंज ट्रैक और क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज के माध्यम से युवा देश के विकास, नवाचार और समकालीन विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे।
युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल
युवा उत्सव केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और रचनात्मक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, अन्य प्रतिभागियों से सीखने तथा अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़कर आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है। स्वामी विवेकानंद के प्रेरक संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत!” को आत्मसात करते हुए युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण एवं जानकारी
युवा उत्सव में सहभागिता के लिए इच्छुक युवा आयोजन के प्रचार-प्रसार सामग्री में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण, पात्रता, प्रतियोगिताओं के नियम तथा अन्य आवश्यक जानकारी के लिए युवा उत्सव के आधिकारिक माध्यमों माय भारत (My Bharat ) एवं युवा धमतरी (Yuva Dhamtari )से संपर्क किया जा सकता है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, धमतरी ने जिले के युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने, अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने तथा युवा उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है।








