महादेव सट्टा ऐप केस: रायपुर पहुंचा मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर, सीबीआई करेगी पूछताछ

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को इंडिगो की फ्लाइट से रायपुर लाया गया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड दी है, जिसके बाद उसे 4 नवंबर को सीबीएआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बता दें कि ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने 2 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। विशेष न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की अदालत में सीबीआई ने उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर देने की मांग की थी। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लंबी बहस हुई।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कहा कि फिलहाल उसके समक्ष आरोपी की ट्रांजिट रिमांड का सवाल है। प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत आरोपी पर सीबीआई के मामले में मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं, इस पर फैसला रायपुर की संबंधित विशेष अदालत करेगी। अदालत ने सौरभ चंद्राकर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर करते हुए उसे 4 नवंबर 2026 तक रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने का निर्देश दिया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment