एंथ्रोपिक का अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी

नई दिल्ली । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की प्रमुख कंपनियों में शामिल एंथ्रोपिक (Anthropic PBC) अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी अपने आईपीओ के जरिए करीब 90.4 अरब डॉलर जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके लिए कंपनी ने 1.4 ट्रिलियन डॉलर की फुली डाइल्यूटेड वैल्यूएशन का लक्ष्य रखा है। अगर यह योजना सफल होती है, तो यह दुनिया के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल हो सकता है। एंथ्रोपिक क्लॉड (Claude) चैटबॉट बनाने वाली कंपनी है और इसकी सीधी प्रतिस्पर्धा ओपनएआई से है।

अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) में दाखिल दस्तावेजों के मुताबिक, कंपनी आईपीओ के तहत 64.4 अरब डॉलर तक जुटाने की योजना बना रही है। इसके लिए शेयरों की कीमत 70 से 78 डॉलर प्रति शेयर के बीच रखी गई है। कंपनी करीब 801.4 मिलियन शेयर जारी करेगी, जबकि मौजूदा निवेशक भी 23.6 मिलियन शेयर बेचेंगे। इसके अलावा 26 अरब डॉलर का प्राइवेट प्लेसमेंट भी प्रस्तावित है। इसमें एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेज (AMD), ब्रॉडकॉम, अल्फाबेट, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया, माइक्रोन टेक्नोलॉजी और टीएसएमसी जैसी बड़ी कंपनियों की भागीदारी शामिल है।

1.4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है वैल्यूएशन

दस्तावेजों के अनुसार, आईपीओ में शेयरों की कीमत ऊपरी स्तर यानी 78 डॉलर रहने पर कंपनी का बाजार मूल्य करीब 1 ट्रिलियन डॉलर हो सकता है। वहीं, कर्मचारियों के स्टॉक ऑप्शन, प्रतिबंधित शेयरों और अन्य आरक्षित शेयरों को जोड़ने के बाद इसकी फुली डाइल्यूटेड वैल्यूएशन करीब 1.4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। इस तरह एंथ्रोपिक का आईपीओ वैश्विक शेयर बाजार में एक बड़ा रिकॉर्ड बना सकता है।

प्राइवेट प्लेसमेंट और अतिरिक्त शेयर जारी करने के विकल्प को मिलाकर कंपनी की कुल फंड जुटाने की योजना करीब 100 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। यह लक्ष्य स्पेसएक्स के 75 अरब डॉलर के प्रस्तावित बेस आईपीओ और अतिरिक्त शेयरों के विकल्प सहित 86.2 अरब डॉलर के आंकड़े से भी अधिक है। हालांकि, एआई कंपनियों के शेयरों में हाल ही में बिकवाली और डेटा सेंटरों पर संभावित सख्त नियमों को लेकर बाजार में चिंताएं भी बनी हुई हैं।

एंथ्रोपिक के कारोबार में तेजी से विस्तार हुआ है। नियामकीय दस्तावेजों के मुताबिक, चालू वर्ष की पहली छमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 14 गुना बढ़कर 16 अरब डॉलर से अधिक हो गया। कंपनी का रेवेन्यू रन रेट 81 अरब डॉलर बताया गया है। हालांकि, इतनी तेज वृद्धि के बावजूद कंपनी अभी मुनाफे में नहीं पहुंची है। एंथ्रोपिक की स्थापना 2021 में ओपनएआई के पूर्व अधिकारियों ने की थी। कंपनी का क्लॉड चैटबॉट दुनियाभर में तेजी से लोकप्रिय हुआ है।

18 नवंबर को तय होगी आईपीओ की कीमत

कंपनी के शेयर नैस्डैक ग्लोबल सेलेक्ट मार्केट में ‘ANT’ नाम से सूचीबद्ध होने की उम्मीद है। उपलब्ध दस्तावेजों के मुताबिक, आईपीओ की कीमत 18 नवंबर को तय की जाएगी और इसके अगले दिन यानी 19 नवंबर से शेयरों में कारोबार शुरू होने की योजना है। कंपनी के सात सह-संस्थापक भी आईपीओ के तहत अपने हिस्से के शेयर बेच रहे हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment