कुरुद। कुरुद के सिरसा चौक में मंगलवार को पूजा पंडाल में लगे झालर लाइट से लोहे के एंगल में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद उत्सव की खुशियां मातम में बदल गई।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के करीब 4.30 बजे वार्ड क्रमांक 1 में सिरसा चौक निवासी सूरज साहू गौरी-गौरा पूजा कार्यक्रम में शामिल था। इस दौरान चौरा सजाने के लिए लगाए गए झालर लाइट का करंट लोहे के एंगल में फ़ैल गया। सूरज ने जैसे ही लोहे का एंगल पकड़ा, वह करंट की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे छुड़ाकर तत्काल सिविल अस्पताल कुरु पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुरुद पुलिस ने कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।








