सुबह 11 से शाम 4 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में होगा आयोजन, 8वीं से लेकर आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण युवाओं को मिलेगा अवसर
एमसीबी। जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा 16 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस प्लेसमेंट कैंप में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 265 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं अग्निशामक डिप्लोमा उत्तीर्ण महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार भाग ले सकेंगे।
फायरमैन, सुरक्षा गार्ड सहित विभिन्न पदों पर होगी भर्ती
रोजगार मेले में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन संस्थान, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, श्रमिक टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड तथा टीमलीज सर्विसेज लिमिटेड सहित विभिन्न निजी नियोजक शामिल होंगे। इनके द्वारा फायरमैन, सुरक्षा गार्ड, पैकेजिंग स्टाफ, चालक, वार्ड बॉय, फील्ड अधिकारी, मीटर स्थापना एवं पिकर-पैकर सहित विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को पद एवं योग्यता के अनुसार प्रतिमाह 8 हजार से 25 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। कुछ कंपनियों द्वारा निःशुल्क आवास एवं मेस-कैंटीन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित रायपुर एवं अन्य निर्धारित कार्यस्थलों पर की जाएगी।
ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य, रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा बताया गया है कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ अथवा गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध CG Rojgar पंजीयन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकृत होना अनिवार्य है। केवल पंजीकृत अभ्यर्थी ही प्लेसमेंट कैंप में भाग ले सकेंगे। इच्छुक आवेदकों को अपने समस्त शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने को कहा गया है। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।







