जशपुर। जिले में बैल के खेत में घुसकर धान की फसल चरने को लेकर विवाद में बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। दरअसल आरोपी ने बुजुर्ग पर डंडे से हमला करने के साथ लात-घूंसों से भी पिटाई की। इससे बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक का बैल आरोपी के धान के खेत में घुस गया था। खेत में पहुंचने के बाद बैल धान की फसल चरने लगा। जब आरोपी फिटू राम को इसकी जानकारी हुई तो वह नाराज हो गया। बैल द्वारा खेत में धान की फसल खाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामूली बात ने गंभीर रूप ले लिया और आरोपी ने बैल मालिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने डंडे से हमला किया और लात-घूंसों से भी जमकर पिटाई की। आरोपी के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि बुजुर्ग की जान चली गई।








