महतारी वंदन योजना से पहाड़ी कोरवा महिला शांति को मिल रहा आर्थिक संबल

बच्चों के पालन-पोषण और जरूरतों को पूरा करने में मिली सहायता, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

अम्बिकापुर। जनजातीय समाज की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और परिवार की जिम्मेदारियों में उनकी भागीदारी को मजबूत करने में महतारी वंदन योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए संबल बन रही है। योजना से विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय की महिलाएं भी लाभान्वित हो रही हैं और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक योगदान दे रही हैं।

सरगुजा जिले के ग्राम मानिकप्रकाशपुर निवासी  शांति पहाड़ी कोरवा के लिए महतारी वंदन योजना की सहायता राशि बच्चों की जरूरतें पूरी करने का सहारा बनी है। चार बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रहीं शांति बताती हैं कि उन्हें योजना के तहत हर महीने राशि मिलती है, जिसका उपयोग वह बच्चों के खर्च और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। नियमित रूप से मिलने वाली इस आर्थिक सहायता से उन्हें परिवार के खर्चों के प्रबंधन में मदद मिल रही है।

शांति पहाड़ी कोरवा ने योजना से मिल रहे लाभ के संबंध में बताया कि महतारी वंदन योजना का पैसा मिलने से बच्चों का खर्च चलाने में काफी मदद मिलती है। हर महीने मिलने वाली राशि वह बच्चों के लिए खर्च करती हैं। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वह विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हैं।

उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की जाती है। इस राशि से महिलाएं अपनी और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग प्राप्त कर रही हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment