सड़कों पर गड्ढो और उड़ती धूल से लोगों में आक्रोश, सड़कों पर गड्ढो और उड़ती धूल से आक्रोश, सिहावा रोड पर कांग्रेसियों ने किया चक्काजाम

धमतरी।  धमतरी शहर की बदहाल सड़कों और दिनभर उड़ती धूल से परेशान नागरिकों, व्यापारियों और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एफसीआई चौक के पास चक्काजाम कर दिया. सिहावा चौक से कोलियारी नहर नाका तक सड़क की जर्जर हालत को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की. करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा. स्थिति संभालने पहुंची पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने पर हल्के बल का प्रयोग कर उन्हें सड़क से हटाया और यातायात बहाल कराया.

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं. दिनभर भारी और छोटे वाहनों की आवाजाही से धूल के गुबार उड़ते हैं, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. खासकर स्कूली बच्चों को इसी सड़क से रोजाना गुजरना पड़ता है. धूल और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है. लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत और आंदोलन करने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला, जमीन पर काम शुरू नहीं हुआ. इसी नाराजगी के चलते मंगलवार को लोगों ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध जताया.

वार्डवासी संजू साहू ने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है. करीब 15 दिन पहले भी इसी समस्या को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था. उस समय अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर काम शुरू कराने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस है.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment