‘युवा धमतरी’ कार्यक्रम में कौशल विकास, स्वरोजगार और नवाचार पर विशेष प्रशिक्षण, विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए किया प्रेरित
धमतरी। तकनीकी बदलाव के दौर में युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़कर रोजगार और उद्यमिता के नए अवसरों के लिए तैयार करने जिला प्रशासन की ‘युवा धमतरी’ पहल के तहत मंगलवार को भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी में विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल तकनीक, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और स्टार्टअप की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं अमित मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में गुड गवर्नेंस के क्षेत्र से प्रियांश पांडे एवं सीजीएस नेटवर्क के उमेश महलांगे ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी परिवेश में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान भी हासिल करना होगा। तकनीकी दक्षता और नए कौशल युवाओं के लिए रोजगार के साथ स्वरोजगार के रास्ते भी खोल सकते हैं।
कार्यक्रम में ‘युवा धमतरी’ पहल, स्टार्टअप लॉन्चपैड, नवाचार और उद्यमिता से जुड़ी संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि अपने नए विचारों और स्थानीय जरूरतों पर आधारित व्यावसायिक योजनाओं को किस तरह स्टार्टअप के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्हें नौकरी तलाशने वाले के साथ-साथ रोजगार सृजन करने वाला बनने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर संस्था की ओर से श्री कुंदन कुमार साहू, श्री पूनमचंद, श्री तारजन, श्री एस.के. गजेंद्र, श्री देवेंद्र कुमार एवं श्री सिकंदर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी परिदृश्य के अनुरूप तैयार करना और उनमें नवाचार, उद्यमिता तथा आत्मनिर्भरता की सोच विकसित करना रहा। ‘युवा धमतरी’ के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक, कौशल और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की यह पहल जिले में युवा क्षमता को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।








