Dhamtari : स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, टीबी एवं सिकल सेल नियंत्रण सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा

धमतरी। कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी, बेहतर विभागीय समन्वय और समयबद्ध कार्ययोजना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लक्ष्य पूर्ति के साथ गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की प्रभावशीलता भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 7,160 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया गया, जिनमें 6,979 का प्रथम तिमाही में पंजीयन हुआ है। कुल 1,805 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई है। कलेक्टर ने इन महिलाओं की नियमित जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यकतानुसार अल्ट्रासाउंड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवधि में जिले में 6,484 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।

नियमित टीकाकरण में 47 प्रतिशत तथा एचपीवी टीकाकरण में 67 प्रतिशत उपलब्धि की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने छूटे हुए बच्चों एवं पात्र हितग्राहियों को अभियान चलाकर टीकाकरण से जोड़ने के निर्देश दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के प्रदर्शन की समीक्षा में 12 स्वास्थ्य संस्थानों की उपलब्धि 90 प्रतिशत से अधिक रही।

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 1.71 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि सिकल सेल स्क्रीनिंग में 98 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई है। कुष्ठ एवं मलेरिया नियंत्रण, गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप के मरीजों के नियमित फॉलोअप तथा कुपोषित बच्चों के उपचार की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने कम उपलब्धि वाले स्वास्थ्य संस्थानों के लिए विशेष सुधारात्मक कार्ययोजना बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अधोसंरचना के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा, बीमारियों की समय पर पहचान, नियमित उपचार और जनजागरूकता स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी प्रतिबद्धता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।बैठक में स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए व्यक्तिगत जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए परिणाममूलक कार्य करें।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment